10बीएनडीपी01-खाईं में पलटी ट्रैक्टर व ट्राली
- फोटो : BANDA
तिंदवारी (बांदा)। मुक्तिधाम में महिला का अंतिम संस्कार कर लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर मालिक की मौत हो गई, जबकि ट्रॉली में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बबेरू क्षेत्र के टोला कला गांव की महदेइया (75) की मौत हो गई थी। शनिवार को बांदा के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के बाद ग्रामीण ट्रैक्टर से गांव लौट रहे थे। कस्बे के बबेरू रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने के चक्कर में ट्रैक्टर का पहिया खाईं में चला गया।
इससे ट्रैक्टर ट्रॉली समेत पलट गया। ट्राली में बैठे करीब 12 लोग उसी में दब गये। हादसे में ट्रैक्टर मालिक बउवा (26) पुत्र रामलाल शुक्ला की दबकर मौके पर ही मौत हो गई। चालक भूरा (30) और रामलाल शुक्ला (65) और गणेश शुक्ला (66) गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके अलावा आठ लोग चुटहिल हो गए हैं। हादसे के शिकार सभी लोग टोला गांव के ही रहने वाले हैं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को पीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देख तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।