बांदा। धनतेरस के लिए बाजार सज गया है। शनिवार को बाजार में धन वर्षा होगी। वाहन, इलेक्ट्रॉनिक, सराफा, बर्तन और कपड़ा बाजार जगमग है। शोरूम और प्रतिष्ठान ग्राहकों के स्वागत को तैयार हैं।
कारोबारियों का अनुमान है कि इस वर्ष कोरोना के दो वर्षों (2020-21) का सन्नाटा टूटेगा। वर्ष 2019 के बराबर या उससे ज्यादा का कारोबार होगा। अनुमान है कि जिले का कारोबार इस बार 70 करोड़ रुपये तक जाएगा। वर्ष 2019 में कारोबार 70 करोड़ के करीब हुआ था।
इलेक्ट्रानिक बाजार में 20 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। इसी क्रम में वाहन बाजार में भी स्क्रैच कूपन की योजना ग्राहकों को दी गई है। सराफा बाजार में भी चांदी का सिक्का पुराना और नया नए रेट में मौजूद है।
वाहन बाजार करेगा धमाका
धनतेरस और दीपावली के लिए टू व्हीलर बाजार में अब तक 900 से ज्यादा वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। ये वाहन धनतेरस पर उठेंगे। कारोबारियों के अनुसार धनतेरस के लिए 800 बाइक, 96 चार पहिया और 13 ट्रैक्टरों की बुकिंग हुई है। वाहन कारोबारी आशीष अग्रवाल व उमाकांत तिवारी ने बताया कि दीपावली में कंपनियों ने ग्राहकों को कई स्कीम दी हैं। सबसे ज्यादा टू व्हीलर में स्कूटी की मांग है।
चांदी के पुराने सिक्के की दमक बरकरार
धनतेरस पर इस बार भी चांदी के पुराने सिक्के की मांग ज्यादा है। ये सिक्के 850 रुपये में उपलब्ध हैं। इसी तरह चांदी का गणेश लक्ष्मी सिक्का 600 रुपये में उपलब्ध है। पूजा के लिए चांदी के गणेश लक्ष्मी की मूर्ति 50 ग्राम, 100 ग्राम और 20 ग्राम में उपलब्ध है।
सोने की गिन्नी पुरानी 40 हजार रुपये में है। 10 ग्राम सोने का सिक्का 51,500 रुपये में उपलब्ध है। नौ ग्रह नवरत्न में पुखराज पांच हजार रुपये से लेकर 15 हजार तक में उपलब्ध है। सोने की चेन एक लाख 10 हजार में मौजूद है। सराफा इंद्रेश जड़िया व रज्जू भइया ने बताया कि डायमंड के स्टाइलिश हार व अंगूठियों की डिमांड है। वहीं पीतल और तांबे के बर्तनों की मांग ज्यादा है।
फोटो 21 बीएनडीपी 12- बर्तन की दुकान पर खरीदारी करते ग्राहक। संवाद- फोटो : BANDA