अशोक लाट में प्रदर्शन करते छात्र।
- फोटो : BANDA
बांदा। इंटरमीडिएट में 70 फीसदी अंक लाने वाले छात्रों को पंडित जेएन डिग्री कॉलेज में बीए और बीएससी में दाखिले नहीं मिल पा रहे हैं। दाखिले के लिए जारी तीसरी मेरिट में बीए की 77.20 और बीएससी की 81.80 फीसदी कट ऑफ लिस्ट है। बुधवार को दाखिले के लिए छात्र नेता शनी पटेल के नेतृत्व में बारिश के बीच छात्रों ने प्रदर्शन किया। डीएम को संबोधित ज्ञापन दिया।
छात्रों ने ज्ञापन में बताया कि पिछले शैक्षिक सत्र में महाविद्यालय में बीए में 720 सीटें थीं। इस बार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी ने 120 सीटें घटाकर 600 कर दीं। ऊपर से मेरिट भी हाई है। इससे 70 फीसदी अंक लाने वाले छात्र प्रवेश से वंचित हो रहे हैं। महाविद्यालय में बीए में 336 और बीएससी में 107 सीटें रिक्त हैं।
अगर महाविद्यालय प्रशासन मेरिट को और घटा दे तो छात्र-छात्राओं के दाखिले हो सकते हैं। छात्रों ने कहा कि वह प्रवेश के लिए क्रमिक अनशन भी करेंगे। छात्रों ने मांग की कि महाविद्यालय में सीटें बढ़ाने के लिए प्राचार्य विश्वविद्यालय को पत्र लिखें। कहा कि प्रवेश समस्या को लेकर गुरुवार से क्रमिक अनशन शुरू करेंगे। प्रदर्शन में आशुतोष, रचित गिरी, सत्येंद्र पटेल, महेंद्र कुमार भी शामिल रहे।