गेंद पर शॉट जड़ते बांदा टीम कप्तान शुभम दुबे।
- फोटो : BANDA
बांदा। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट मैच में पहले दिन बांदा ने महोबा को 38 रनों से हरा दिया। 257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महोबा की टीम निर्धारित 228 रन ही बना पाई। मैन ऑफ द मैच बांदा टीम के कप्तान शुभम दुबे घोषित किए गए।
बुधवार को खेल की शुरुआत डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष चंद्रमौलि भारद्वाज ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय लेकर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांदा सीनियर टीम ने आठ विकेट पर 256 रन बनाए। कप्तान शुभम दुबे और बल्लेबाज शांतनु चौहान ने 73-73 रन बनाए। शुभम सिंह और वैभव यादव ने 26-26 रनों का योगदान किया। महोबा के गेंदबाज दुर्गेश श्रीवास ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी महोबा की टीम 33 ओवर में 228 रनों पर ही सिमट गई। महोबा टीम के बल्लेबाज प्रियम शर्मा ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। अंशुल मिश्रा और हरीश पचौरी ने 33-33 रनों का योगदान किया। बांदा सीनियर टीम के गेंदबाज आयुष ने पांच विकेट लिए।
शुभ ने दो विकेट चटकाए। बांदा टीम ने 38 रनों से मैच जीत लिया। एसोसिएशन सचिव वासुदेवा और क्रिकेट कोच शिव प्रताप सिंह, सैय्यद मोहम्मद, जितेंद्र सिंह यादव, मोहित सिंह, अर्पित कबीर, वरुण दीक्षित मानस व वरिष्ठ खिलाड़ी आशुतोष राणा आदि ने खिलाड़ियों की हौसलाफजाई की।