रोटी बैंक की बैठक को संबोधित करते संरक्षक शेख सादी जमां।
- फोटो : अमर उजाला
असहाय व गरीबों का पेट भरने के साथ ही बांदा रोटी बैंक गरीबों के बच्चों को शिक्षित भी करेगा। मात्र एक सदस्य से शुरू हुए रोटी बैंक ने साल भर में बड़े कुनबे का रूप ले लिया है। मौजूदा में 65 सदस्य हैं। रविवार को बैठक में सदस्यों ने रोटी बैंक को हर संभव मदद का संकल्प लिया।
बलखंडी नाका स्थित रोटी बैंक के संरक्षक शेख सादी जमां के आवास पर बैठक हुई। मोहम्मद इदरीश ने रोटी बैंक के कार्यों की सराहना की। संत कुमार गुप्ता ने कहा कि गरीबों को भोजन कराने के साथ ही प्रारंभिक शिक्षा से वंचित बच्चों को चिह्नित कर शिक्षा दिलाने का प्रयास किया जाए।
रोटी बैंक के प्रथम सदस्य/संचालक रिजवान अली ने कहा कि पहले रोटी बैंक के सदस्यों को खाना एकत्र करने के लिए घरों और होटलों में जाना पड़ता था। सदस्यों के इस कार्य से प्रेरणा लेकर लोग खुद ही बचा खाना बैंक तक भेजने लगे। कहा कि जो भी व्यक्ति रोटी बैंक से भोजन लेना चाहता है वह उनके मोबाइल नंबर 9451988451 पर संपर्क कर सकता है। उसकी पहचान उजागर नहीं की जाएगी।
संरक्षक शेख सादी जमां ने कहा कि रोटी बैंक के सदस्य कोई पूंजीपति नहीं हैं। सिर्फ गरीबों के प्रति आस्था व जुनून है। उन्होंने ठंड के मद्देनजर सभी सदस्यों को जैकेट दी। बैठक में प्रदीप श्रीवास्तव, वहीद नेता, वाजिद अली, फावा तिवारी, नवीन निगम, दिलीप सिंहा, राजीव चतुर्वेदी, शिवऔतार, विष्णु साहू, अख्तर हुसैन, कासिम खान, प्रसून श्रीवास्तव, नीरज निगम, बाबा फरीद भी मौजूद रहे। संचालन अंसार अहमद ने किया।