अतर्रा (बांदा)। फर्जी सिपाहियों के साथ दरोगा बनकर ट्रकों और दुकानों से वसूली करने वाले को कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया। उसके तीन साथी चकमा देकर भाग निकले।
अतर्रा थाना पुलिस को नगर और आसपास के इलाकों में नकली दरोगा और सिपाहियों के ट्रकों और दुकानदारों से वसूली करने की शिकायतें मिलीं थी। सोमवार की देर रात कस्बे के बिसंडा रोड पर फर्जी पुलिस गिरोह की वसूली की सूचना दुकानदार ने पुलिस को दी थी। इस पर इंस्पेक्टर अनूप दुबे ने घेराबंदी कर वसूली कर रहे फर्जी दरोगा को दबोच लिया, लेकिन तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
पूछताछ के बाद कोतवाली पुलिस ने बताया कि फर्जी दरोगा कालू कुआं कर्वी निवासी सत्यनारायण है। अतर्रा के बदौसा रोड निवासी दुकानदार सूरज सोनी ने फर्जी पुलिस पर धौंस दिखाकर वसूली की तहरीर दी है।
इसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर ने बताया सत्यनारायण ही गिरोह का सरगना है। फरार तीनों आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा।