फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda Accident: बालू से भरा ओवरलोड ट्रक पलटा, मासूम की मौत, चार घायल

Mon, 14 Nov 2022 11:35 PM IST
कानपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा जिले के औगासी गांव में बालू से भरा ओवरलोड ट्रक पलट गया। बच्चे समेत पांच लोग इसके नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें निकाला और सीएचसी भेजा। डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घायलों का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ट्रक चालक मौके से भाग निकला।
विज्ञापन

सोमवार की सुबह करीब आठ बजे मर्का थाना क्षेत्र के औगासी गांव निवासी शकीला (30) पत्नी रवि निषाद दो साल के बेटे अंशू को लेकर हैंडपंप से पानी भरने गई थी। बेटे को हैंडपंप के पास बने मंदिर के चबूतरे पर बैठाकर पानी भर रही थी। तभी बस्ती के अंदर से फतेहपुर की ओर जा रहा बालू से भरा ओवरलोड ट्रक पुल पर चढ़ने के लिए सामने से आ रहे ट्रक को साइड देने में गड्ढे में उतरकर पलट गया। इससे अंशु, सुरतिया (70), बेटा गुलाब (48), बाइक से फेरी लगाने वाला मनीष (25) निवासी मंठा, विद्या देवी (45) निवासी औगासी बालू में दब गए। मंदिर और करीब में बना शौचालय भी क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाल सिंह, एसपी अभिनंदन, एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र, एसडीएम रावेंद्र सिंह, तहसीलदार अजय कटियार, बबेरू इंस्पेक्टर पंकज सिंह, मरका थाना प्रभारी अनिल आदि घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी बबेरू पहुंचाया। यहां अंशु को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेजा है। पलटे ट्रक को निकलवाया जा रहा है।
विज्ञापन

मजदूर के घर का बुझा चिराग
बबेरू। मर्का थाना क्षेत्र के औगासी घाट के पास हुए हादसे में मजदूर के घर का इकलौता चिराग बुझ गया। अंशु के बाबा पंचा ने बताया कि अंशु का पिता रवि निषाद मुंबई में मजदूरी करता है। 15 दिन पहले गांव आया था। सबकी खैरियत लेकर कमाने चला गया। अंशु इकलौता पौत्र था। घर में अंशु की मां शकीला है। अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार बेहाल है। पिता को मुंबई खबर कर दी गई है।
विधायक ने ओवरलोडिंग को बताया घटना का जिम्मेदार
बबेरू। औगासी घाट पर छह माह पहले नवनिर्मित पुल से वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है। हालांकि पुल का अब तक उद्घाटन भी नहीं हुआ है। यहां से वाहन मध्य प्रदेश समेत फतेहपुर, कानपुर, लखनऊ व इलाहाबाद जाते हैं। पुल से दिन-रात बालू भरे ओवरलोड ट्रकों का निकलना जारी है। कुछ ट्रक बस्ती के अंदर होकर गुजरते हैं, जिससे यह हादसा हुआ है।
सपा विधायक विशंभर सिंह यादव ने कहा कि औगासी के नवनिर्मित पुल का अब तक लोकार्पण भी नहीं किया गया है। शासन-प्रशासन की अनदेखी से बालू से भरे ओवरलोड ट्रकों आवाजाही शुरू हो गई है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रहीं हैं। ओवरलोडिंग इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। ओवरलोडिंग से बस्ती के लोगों को खतरा है। इस पर तत्काल अंकुश लगाया जाना चाहिए।

हाइड्रा व जेसीबी से ट्रक को निकालते पुलिस कर्मी।

 

 बबेरू सीएचसी में भर्ती सुरतिया के पास खड़े परिजन। 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें