फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीछा करने पर चोर ने चाकू से युवक की हत्या की

विज्ञापन
जितेंद्र गुप्ता। (फाइल फोटो) - फोटो : BANDA
विज्ञापन
बबेरू (बांदा)। घर से मोबाइल चुराकर भाग रहे चोर का पीछा कर युवक ने पकड़ लिया। खुद को छुड़ाने के लिए चोर ने पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी और भाग गया। चोर की गिरफ्तारी के लिए परिजनों ने चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक हाइवे जाम रहा। सांसद आरके पटेल ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत किया। इसके बाद यातायात बहाल हुआ।
विज्ञापन

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के गायत्री नगर निवासी मुन्ना गुप्ता के घर में रविवार तड़के चोर पीछे की दीवार फांदकर घुस गया। चोर ने दो मोबाइल उठाया था तभी जितेंद्र गुप्ता (24) जाग गया। उसने शोर मचाया तो चोर पगडंडी से भागने लगा। बाइक से पीछा घर से करीब 600 मीटर दूर नहर पटरी किनारे जितेंद्र चोर से भिड़ गया।
इस पर चोर ने उसके पेट पर चाकू से कई वार कर दिए। इससे जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और चोर भाग निकला। कुछ देर बाद परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उसके पेट में तीन गहरे घाव थे। बाइक घटनास्थल पर पड़ी रही।
विज्ञापन

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने पुलिस को अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। सूचना पर एसपी अभिनंदन, एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ राकेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका। एसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए एसओजी और कोतवाली पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।
हेलो! तुम्हारा लड़का नहर किनारे पड़ा है...
बबेरू (बांदा)। हेलो! तुम्हारा लड़का नहर किनारे पड़ा है। उसे उठाकर अस्पताल ले जाओ, नहीं तो मर जाएगा। भाई अंकित गुप्ता ने बताया कि चोर का पीछा करने के लिए बाइक से निकले जितेंद्र के देर तक न लौटने पर मोबाइल पर कॉल की गई। फोन चोर ने उठाया। पहले उसने अभद्रता की।
फिर बताया कि तुम्हारे भाई को मार दिया है। नहर किनारे पड़ा है। आकर उठा ले जाओ। धमकी दी कि पुलिस को सूचना दी तो तुम भी नहीं बचोगे। जब घटनास्थल पहुंचे तो जितेंद्र तड़प रहा था। पास में बाइक पड़ी थी। मोबाइल फोन नहीं मिला। घटना के बाद से फोन स्विच ऑफ है।
घटना की सूचना पर जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक फील्ड यूनिट के सदस्यों ने जांच-पड़ताल की। घटनास्थल से कुछ नमूने जुटाए। डॉग स्क्वॉड टीम ने भी घटनास्थल के आसपास निरीक्षण किया। बताया जाता है कि कुत्ता भौंकते हुए लगभग 100 मीटर दूर तक गया, फिर रुक गया। आगे नहीं बढ़ा। पुलिस का मानना है कि चोर नहर पार कर भागा। पानी से होकर भागने पर कुत्ता सुराग नहीं लगा सका।
कस्बे के आम चौराहे पर जाम लगने की सूचना पर एसडीएम रावेंद्र सिंह, सीओ राकेश सिंह, कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह सहित भारी फोर्स के साथ पहुंचकर परिजनों से बातचीत की, लेकिन परिजन नहीं माने। कहा कि 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी और 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए।
सूचना मिलने पर सांसद आरके पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, वरिष्ठ नेता अजय पटेल ने परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। इसके साथ ही प्रशासन ने परिजनों को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया। वहीं व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष गुप्ता, राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के तहसील अध्यक्ष राम गुप्ता व नगर अध्यक्ष सुधीर अग्रहरि ने घटना का खुलासा कर आर्थिक सहायता दिलाने मांग की।

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस और लगी भीड़।- फोटो : BANDA

बबेरू के आम चौराहे में शव रखकर जाम लगाए परिजन और ग्रामीण।- फोटो : BANDA

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें