बांदा जिले में पैलानी थाना क्षेत्र के कसिया डेरा में दीवार गिरने से मलबे में दबकर युवक की मौत हो गई। युवक खेतीबाड़ी के साथ ही मजदूरी भी करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अमलोर गांव के मजरा कसिया डेरा निवासी रामगुलाम निषाद (32) रविवार की सुबह खेत से घर जा रहा था।
घर के पास पहुंचते ही पड़ोसी संतू निषाद की कच्ची दीवार ढह गई, रामगुलाम मलबे में दब गया। पड़ोसियों ने जब तक बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। छोटे भाई कल्लू ने बताया कि रामगुलाम पांच भाइयों में बड़ा था। उसके नाम 15 बिस्वा जमीन है।
वह मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। पति की मौत से मंजू बेसुध है। पिपरहरी ग्राम प्रधान प्रवीण सिंह प्रिया और पूर्व प्रधान (रेहुंटा) प्रभु दयाल भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों की सूचना पर लेखपाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आश्रितों की मदद के लिए रिपोर्ट राजस्व अधिकारियों को भेजी है। खप्टिहा कलां चौकी प्रभारी ओमप्रकाश द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिलने पर संबंधित के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल यह हादसा है।