घटनास्थल पंचायत भवन की जांच करती पुलिस।
- फोटो : BANDA
खप्टिहाकलां (बांदा)। पैलानी थाना क्षेत्र के अमलोर गांव स्थित पंचायत भवन में सो रहे गोशाला कर्मी की वजनदार वस्तु से सिर पर वारकर हत्या कर दी गई। दीवारों पर खून के छींटे पाए गए। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल सील कर लगभग दो घंटे तक जांच की। पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रविवार को शाम पंचायत भवन में शहर निवासी राज (30) का शव फर्श पर पड़ा मिला। आसपास खून के निशान थे। प्रधान और रोजगार सेवक ने पंचायत भवन का मुख्य गेट बंद देखा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल सील कर दिया और बारीकी से निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला कर्मी व हमीरपुर जिले के पुनेहटा गांव निवासी महोबिया आरख पांच दिन पूर्व राज को गोशाला में काम कराने के लिए लाया था। गोशाला में रेहुंटा गांव निवासी सूरजभान उर्फ घसीटे निषाद भी कार्यरत है।
पुलिस ने दोनों गोशाला कर्मियों से पूछताछ की। महोबिया और सूरजभान ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम तीनों जंगल में मवेशी चराने गए थे। कटरा मोहल्ले में शराब पार्टी की। वहां से लौटने के बाद ग्राम रोजगार सेवक प्रमोद सिंह के घर से सचिवालय की चाबी और रोटी लेकर राज पंचायत भवन सोने चला गया।
तभी रात को उसकी हत्या कर दी गई। इंस्पेक्टर नंदराम प्रजापति ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है। अज्ञात हत्यारोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रेम प्रसंग या अन्य किसी रंजिश आदि बिंदु पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गोशाला कर्मी की वजनदार वस्तु के वार से हत्या की गई है। उसके सिर के बाएं तरफ गहरा घाव है। शव खून से लथपथ था। आसपास भी खून के निशान पाए गए। हालांकि हत्या में प्रयुक्त वस्तु नहीं मिली। फोरेंसिक टीम द्वारा जांच की गई है। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा। -गवेंद्र पाल गौतम, पुलिस उपाधीक्षक सदर, बांदा।