खप्टिहाकलां (बांदा)। घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ पर साड़ी के फंदे से विवाहिता का शव लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के समय घर में कोई नहीं था।
पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा निवासी शिवपति (24) पत्नी रंजीत का शव रविवार को सुबह घर से कुछ दूरी पर बबूल के पेड़ से लटका मिला। घटना के समय पिता गुलाब निषाद ई रिक्शा चलाने गया था। मां लक्ष्मी खेत पर गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पिता और मां पहुंची और शिवपति को फंदे से उतारकर सीएचसी जसपुरा ले गए। डॉक्टर ने मौत की पुष्टि कर दी।
पिता ने बताया कि शिवपति की शादी तीन साल पूर्व मलपुरा जिला भिंड (मध्य प्रदेश) में रंजीत निषाद के साथ हुई थी। डेढ़ माह की बच्ची भी है। पिता के मुताबिक 15 दिन पहले वह ससुराल मलपुरा से मायके आई थी। सब कुछ ठीक था, पर पिछले दो-तीन दिनों से पति-पत्नी की आपस में अनबन चल रही थी। दोनों फोन पर बहस करते थे। किस बात को लेकर बहस कर रहे थे, उसे नहीं मालूम।
थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पिता ने पति से अनबन बताई है। घटना की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फोटो 11 बीएनडीपी 13- मृतका शिवपति। (फाइल फोटो)।- फोटो : BANDA