बांदा जिले में सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर में बाइक टकराने से घायल दूसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया। बाइक सवार तीसरे मजदूर का इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बताई गई है। अतर्रा थाना क्षेत्र के तेरा-ब गांव के मजरा कबरा पुरवा निवासी विनोद वर्मा (22) पुत्र हरि बहादुर मंगलवार की शाम मोबाइल ठीक कराकर पड़ोसी व रिश्ते के चाचा प्यारेलाल (35) के साथ बाइक से घर लौट रहा था।
साथ में अन्य पड़ोसी हरिश्चंद्र (24) भी था। गर्गनपुरवा के पास सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से बाइक टकरा गई। प्यारेलाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। विनोद और हरिश्चंद्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां से परिजन विनोद को कानपुर ले जा रहे थे। उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
बुधवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पिता हरि बहादुर ने बताया कि विनोद हैदराबाद में मजदूरी करता था। 10 दिन पूर्व घर लौटा था। उसकी शादी दो साल पूर्व पूनम से हुई थी। एक पुत्र है। तीन भाइयों में वह बड़ा था। प्यारेलाल हरियाणा,में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। उसके तीन पुत्र हैं। बताया कि बाइक रिश्तेदार की थी, जिसे प्यारेलाल चला रहा था। हेलमेट न लगाने से सिर पर गंभीर चोट आई थी, जो मौत की वजह बनी।