बांदा। वस्तु एवं सेवाकर (स्टेट जीएसटी) टीम की छापेमारी शुक्रवार को भी जारी रही। लखनऊ से आई 12 टीमों ने चित्रकूटधाम मंडल में सात स्थानों पर छापा मारा। इनमें ज्यादातर बिल्डिंग मैटेरियल और हार्डवेयर की दुकानें शामिल हैं। बांदा जिले के मटौंध में दो ठेकेदारों के यहां चार एसजीएसटी टीम ने जांच की। सभी दस्तावेज, लैपटॉप आदि कब्जे में ले लिए।
शासन स्तर से भेजी गई एसजीएसटी टीम की कार्रवाई लगातार चौथे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को मटौंध क्षेत्र में दो ठेकेदारों के यहां चार टीमों ने छापा मारा। सुबह 12 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने ठेकेदार और उनके परिजनों व कर्मियों के मोबाइल बंद कराकर अपने पास जमा करा लिए थे। किसी को भी आने-जाने नहीं दिया। पुलिस फोर्स भी तैनात रही।
चित्रकूटधाम मंडल के ज्वाइंट कमिश्नर राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बांदा के अलावा टीमों ने महोबा शहर में तीन और हमीरपुर व चित्रकूट में एक-एक प्रतिष्ठानों की जांच की। स्टॉक का मिलान किया। सभी के अभिलेख कब्जे में लिए गए हैं। जांच के बाद दस्तावेज वापस किए जाएंगे। टैक्स चोरी उजागर होने पर वसूली कार्रवाई की जाएगी।
एलआईयू ने दी रिपोर्ट, अफसरों ने रेकी की
बांदा। ज्वाइंटर कमिश्नर राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि लखनऊ से आई टीमें उन्हीं प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं जिनकी रिपोर्ट स्थानीय खुफिया विभाग (एलआईयू) द्वारा दी गई। कार्रवाई से पूर्व लखनऊ व स्थानीय अधिकारियों ने रेकी कर रिपोर्ट भी तैयार की थी।