बांदा। खेत पर जा रहे हमीरपुर जिले के किसान को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किसान को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उसने दम तोड़ दिया।
हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के इचौली गांव निवासी मोहन लाल (50) मंगलवार दोपहर घर से खेत पर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार ने टक्कर मार दी। बाइक पर चालक समेत तीन लोग थे। टक्कर से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार व परिजन उसे मौदहा सीएचसी ले गए। यहां से डॉक्टरों ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मंगलवार की देर रात किसान की इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे दीपक वर्मा ने बताया कि वह चार बहन एक भाई हैं। एक बहन की शादी हो चुकी है। दूसरी बहन की शादी अप्रैल में तय है। इस बीच यह हादसा हो गया। बताया कि बाइक चालक सुधीर सोनी दुरेड़ी थाना मटौंध का रहने वाला है। पिता को भर्ती कराने वह मेडिकल कॉलेज आया था। मौत होने पर भाग गया। उसने मौदहा थाने में बाइक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।