बांदा। स्वच्छता अभियान कागजों में सिमट कर रह गया है। बरसात से पहले नालियों की सफाई के नगर पालिका और पंचायतों के दावों की पोल खुल रही है। नाले गंदगी से पटे पड़े हैं। चोक नालियों का पानी उफनाकर सड़कों पर बह रहा है। जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। बारिश होने पर नालियों का कचरा सड़कों पर बहेगा। शहर ही नहीं, अतर्रा, बबेरू, नरैनी, तिंदवारी क्षेत्रों की भी यही स्थिति है। आप भी देखिए।
प्रतिदिन सभी मोहल्लों की सफाई होती है। यदि कहीं गंदगी की शिकायत आती है तो उसे तुरंत साफ कराया जाता है। -हेमंत, सफाई निरीक्षक, नगर पालिका बांदा।
अतर्रा के दामू गंज में आठ महीने से नाली का गंदा पानी मुख्य सड़क पर भर रहा है। मोहल्ले के सूरज बाजपेई, संतोष, रामकिशोर, नत्थू, छोटा, राजकिशोर ने बताया कि नगर पालिका अफसरों को कई बार समस्या बताई गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। बदौसा रोड का नाला जाम होने के कारण पानी नहीं निकल पा रहा है। ईओ राम सिंह का कहना है कि हफ्ते भर में नाला साफ करवा देंगे।
नरैनी के राजीव नगर में कोतवाली के बगल से बह रहा नाला गंदगी से पटा है। दिन भर जानवर गंदगी फैलाते हैं। नाले के बगल में सीओ आवास और कार्यालय भी है। नाले के सामने प्राइवेट अस्पताल भी है। नगर पंचायत ने इसे साफ कराने की जहमत नहीं उठाई है।
स्थानीय विजय चौरसिया ने बताया कि थोड़ी सी बरसात के बाद दुर्गंध के कारण घरों में रहना मुश्किल हो जाता है। नरैनी ईओ अभिमन्यु का कहना है कस्बे में लगातार सफाई अभियान चल रहा है। बारि श से पहले सभी नाले व नालियों की सफाई करा दी गई है।
बबेरू के करूइहा पुरवा नगर पंचायत में भी नाले-नालियां गंदगी से पटी हैं। यहां भी सफाई नहीं हुई। बारिश होने पर नाले का पानी घरों में घुसता है। मोहल्ले में कूड़े का ढेर लगा रहता है। यही कूड़ा नालियों में भर जाता है। सभासद प्रतिनिधि फूलचंद वर्मा व मोहल्ले के लोगों ने बताया कि शिकायत करने के बाद भी नालियों की सफाई नहीं हो रही है। बबेरू और तिंदवारी के नगर पंचायत के ईओ रामबरन का कहना है कि रोज सफाई हो रही है। कहीं सफाई कर्मी नहीं जा रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Banda: Drains choke, dirty water flowing on the road- फोटो : BANDA
Banda: Drains choke, dirty water flowing on the road- फोटो : BANDA