19 बीएनडीपी14 मृतक स्वामी शरण की फाइल फोटो
- फोटो : BANDA
बबेरू (संवाद)। मरका थाना क्षेत्र के इंगुवारी गांव में शुक्रवार को बारिश के कारण शार्ट सर्किट से 11 हजार वोल्ट का तार टूट कर एचटी लाइन पर गिर गया। इससे 45 घरों में करंट दौड़ गया। कमरे में सो रहे दो माह के मासूम को बचाने के लिए दौड़े पिता स्वामी शरण (30) दरवाजे में करंट आने से चिपक गए। परिजनों व ग्रामीणों ने लाठी डंडे से दरवाजे से अलग कर सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, लाखों रुपये के बिजली के उपकरण फुंक गए।
इंगुवारी गांव में 50 से अधिक घर हैं। करंट के झटकों से रामप्रसाद (30), देवीशरण (60), भरोसी(70), गोमती (40) आदि घायल हो गए हैं। स्वामीशरण की पत्नी ममता ने पुलिस को दी तहरीर में पति की मृत्यु के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। कहा कि 20 दिन पहले भी शार्ट सर्किट से मकानों में हाई वोल्टेज आने से उपकरण आदि फुंक गए थे। इसकी जानकारी अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बताया कि पति किसानी करते थे। सपा विधायक विशम्भर सिंह यादव ने सीएचसी पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। आर्थिक सहायता का भरोसा दिलाया।
रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी
थाना प्रभारी हेमराज ने बताया कि तहरीर मिली है रिपोर्ट दर्ज कर जांच व कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्वामीशरण दिल्ली में मजदूरी करता था। दो माह पहले खेती किसानी के लिए गांव आया था। उसके दो बेटे हैं।