कोतवाली में पुलिस हिरासत में आरोपी बीओ रामबाबू।
- फोटो : BANDA
झांसी और कानपुर की संयुक्त एंटी करप्शन टीम ने पीआरडी के ब्लाक आर्गनाइजर (बीओ) को रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया। कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कमासिन थाना क्षेत्र के बगलन पुरवा निवासी व पीआरडी जवान भैरोदीन कुशवाहा ने एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण संगठन), झांसी यूनिट में रिश्वत मांगने की शिकायत की थी।
आरोप लगाया था कि विकास भवन स्थित क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्राविधिक कार्यालय में कार्यरत बीओ व डीएम कालोनी निवासी रामबाबू कंप्यूटर में नाम व अभिलेख फीड करने और ड्यूटी लगाने के लिए सात हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। इंस्पेक्टर अंबरीश कुमार यादव के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को विकास भवन के बाहर स्थित चाय की दुकान से बीओ रामबाबू को रुपये लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
इंस्पेक्टर के मुताबिक रामबाबू के पास से वसूले गए 7000 रुपये बरामद हुए। सभी 500 के नोट थे और उनमें पाउडर लगा था। पानी में आरोपी के हाथ लाल हो गए थे। इंस्पेक्टर की तहरीर पर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। रात को ही झांसी ले जाने की तैयारी है।
कार्रवाई में दो गवाह
झांसी यूनिट के इंस्पेक्टर अंबरीश कुमार यादव ने बताया कि धरपकड़ से पूर्व उन्होंने डीएम से दो गवाह देने का अनुरोध किया था। उनके स्वीकृति पर कार्रवाई के दौरान सदर तहसील के नायब तहसीलदार जितेंद्र सिंह व नगर पालिका परिषद के सहायक अभियंता श्रीश सिंह गवाह के रूप में मौजूद रहे।