करतल। वर्ष 2019 में बांदा शहर के बाबूलाल चौराहा से परवान चढ़ी दोस्ती में मध्य प्रदेश के पन्ना जिला की एक महिला ने करतल निवासी मुस्लिम युवक पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पन्ना महिला थाने में दुष्कर्म की धारा में फरवरी 2023 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले को लेकर पन्ना जिला पुलिस ने महिला के प्रार्थना पत्र पर जांच नरैनी कोतवाली को स्थानांतरित की है।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिला के एक गांव की रहने वाली महिला ने पन्ना महिला थाने में फरवरी 2023 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नरैनी कोतवाली क्षेत्र के करतल गांव निवासी एक मुस्लिम युवक ने उसके साथ दोस्ती का नाटक कर यौन शोषण किया और शादी करने की बात से मुकर गया। महिला की तहरीर पर पन्ना महिला थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई। इस मामले की जानकारी लगने पर आरोपी युवक ने पन्ना एसपी को प्रार्थना पत्र देकर महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि महिला लुटेरी दुल्हन के नाम से एक गैंग चलाती है। उसके खिलाफ पन्ना समेत पवई और सिमरिया थाने में 22 अभियोग दर्ज हैं। इस आरोप की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इस पर महिला ने पन्ना एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके मुकदमें की जांच नरैनी कोतवाली को स्थानांतरित की जाए। जिस पर मुकदमे की जांच नरैनी कोतवाली स्थानातंरित की गई है। पूरे प्रकरण पर एसपी अभिनंदन का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला के खिलाफ कई मुकदमें दर्ज हैं। पूरे प्रकरण की वह जांच करा रहे हैं। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।