नरैनी/करतल। बदमाश को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। पुलिस और बदमाश के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें करतल चौकी इंचार्ज समेत दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के भड़ेहा अंश मुकेरा गांव निवासी गंगा यादव एक साल से लूट, चोरी आदि घटनाओं से वांछित चल रहा था। सोमवार को करतल चौकी इंचार्ज कौशल सिंह पुलिस टीम के साथ अपराधी को पकड़ने उसके गांव पहुंचे। गंगा यादव नहर में नहा रहा था। पुलिस को देखकर वह चकमा देकर नहर में कूद गया और कुछ दूर जाकर अरहर की फसल में जाकर छिप गया।
पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने चौकी इंचार्ज कौशल सिंह पर हमला बोल दिया। उसके हमले से चौकी इंचार्ज, कांस्टेबल विवेक राठौर, नरेंद्र कुमार घायल हो गए। चौकी इंचार्ज के पैर के घुटनों में चोट आई है। उनका इलाज सीएचसी में कराया गया। जानकारी पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसको पकड़ लिया है। घायल चौकी इंचार्ज कौशल सिंह ने बताया कि गंगा यादव एक साल से फरार चल रहा था। कोर्ट ने गैर जमानती वारंट भी जारी किया था।