खाद के लिए केंद्र के बाहर बैठे किसान।
- फोटो : BANDA
खप्टिहाकलां (बांदा)। पैलानी तहसील क्षेत्र के निवाईच गांव स्थित सघन सहकारी समिति में बाद में आए लोग खाद लेकर चले गए। यह नजारा देख लाइन में लगकर धक्के खा रहे किसान आपा खो बैठे और विरोध शुरू कर दिया। ईंट-पत्थर चलने लगे। केंद्र प्रभारी छिप गए। पुलिस के आने पर मामला शांत हुआ।
शुक्रवार को समिति के सामने खाद के लिए किसानों की लंबी लाइन लगी थी। बड़ी संख्या में महिला किसान भी थीं, जो सर्दी के बावजूद तड़के से लाइन में लगकर बारी का इंतजार कर रही थीं। दोपहर तक खाद न मिलने पर गुस्साए किसानों का सब्र टूट गया और रोष जताना शुरू कर दिया। इसी कुछ किसानों ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिए। महिला किसानों ने भी पत्थर बरसाए। किसानों का गुस्सा भांप केंद्र प्रभारी काउंटर छोड़कर भाग गए। कुछ देर बाद पुलिस आ गई।
किसानों ने आरोप लगाया कि लाइन में लगने के बावजूद खाद नहीं दी जा रही। बाद में आ रहे चहेते लोगों को प्रभारी द्वारा खाद बांटी जा रही है। किसानों के साथ यह भेदभाव है। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया और खाद का वितरण शुरू कराया। केंद्र प्रभारी रामभवन यादव ने बताया कि खाद की कोई कमी नहीं है। टोकन के हिसाब से खाद बांटी जा रही है। आरोप निराधार हैं। भीड़ ज्यादा होने से समस्या आ रही है।