सूचना पर कालूकुआं चौकी प्रभारी जयचंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। देर तक किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन किसान खाद की जिद पर अड़े रहे। कुछ देर बाद प्रभारी निरीक्षक श्यामबाबू शुक्ल पहुंचे और किसानों को खाद दिलाने का भरोसा दिलाया।
लगभग एक घंटे बाद जाम खत्म हो सका। केंद्र प्रभारी ने पुलिस को बताया कि खाद मंगाई गई है। आते ही वितरण शुरू किया जाएगा। जाम लगाने वालों में पचनेही, लामा, करहिया, गोयरा, गंछा, कहला, महोखर, गुरेह समेत कई गांवों के किसान शामिल रहे।
केस नंबर-1
मवई के किसान शिवदयाल का आरोप है कि 10 बजे टोकन वितरण शुरू होता है। केंद्र प्रभारी 25 टोकन ही लाइन में वितरण करते है शेष टोकन अंदर से ही खास लोगों को वितरित कर दिए जाते है। इससे तमाम किसान खाद से वंचित रह जाते है।
केस नंबर-2
कनवारा के किसान रामभरोसे का कहना है कि धान की कटाई के बाद खेत गेहूं की बुवाई के लिए तैयार खड़े है। मंडी समिति बिक्री केंद्र से दो दिन से लौट रहे है। खाद नहीं मिल रही है। बाजार में नकली व महंगे दामों पर खाद मिल रही है।
200 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है, जो समितियों में भेजी जा रही है। उधर, 2600 मीट्रिक टन डीएपी की एक रैक कांडला से आ रही है, जो 11 दिसंबर तक मुख्यालय आ जाएगी। आधी खाद चित्रकूट जाएगी। महोबा और हमीरपुर में यूरिया की मांग है। देर रात एक रैक यूरिया की महोबा पहुंच गई है। -बीरेंद्र बाबू दीक्षित, उपायुक्त सहकारी समिति, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा