बांदा। शादी के चार माह बाद युवती ने मायके में आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। ससुराल वालों ने आरोपों को गलत बताया है। दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के डिंगवाही गांव के रोहित राजपूत की पत्नी अंजना (19) का शव शनिवार की रात मायके पैगंबरपुर (गिरवां) गांव में घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की मां माया देवी ने बताया कि पुत्री की शादी चार माह पूर्व 22 जून को हुई थी। ससुुराल में दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करते थे। चार दिन पूर्व वह मायके आई थी। ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। मृतका के ससुर दुलीचंद्र ने बताया कि उसे घटना की जानकारी रविवार को सुबह दी गई। वह सपरिवार पैगंबरपुर गांव पहुंचे।
बताया कि उसे ससुराल में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं थी। चार दिन पूर्व अंजना ने कहा कि उसे मां की याद आ रही है। इस पर उसने मायके भेज दिया था। गिरवां थाना इंस्पेक्टर ओम शंकर शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।