कमासिन (बांदा)। घर से दूर स्थित ट्यूबवेल पर युवक ने गले में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का कहना है कि वह ढाबा खोलने के लिए पैसे मांग रहा था। पिता के इन्कार करने पर जान दे दी।
थाना क्षेत्र के सांड़ा सानी गांव निवासी धीर सिंह का पुत्र पंकज सिंह (26) रविवार की देर शाम गांव के बाहर स्थित ट्यूबवेल पर जाकर गले में रस्सी का फंदा लगाकर लटक गया। रात में घर न आने पर परिजन उसे ढूंढते हुए ट्यूबवेल पर पहुंचे तो शव फंदे से लटका मिला।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने बताया कि ओरन रोड पर खुद की जमीन पर पंकज ढाबा खोलना चाहता था। पॉलिथीन आदि डालकर उसने ढांचा तैयार कर लिया था।
सामान आदि के लिए वह पिता से करीब एक लाख रुपये मांग रहा था। पिता ने असमर्थता जताई तो दोनों के बीच बहस हो गई। कुछ देर बाद वह घर से निकल गया और आत्महत्या कर ली। वह तीन भाइयों में छोटा और अविवाहित था। इंस्पेक्टर उमेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या है।