बबेरू (बांदा)। चित्रकूट से कानपुर की ओर जा रही सवारियों से भरी रोडवेज बस ट्रैक्टर को ओवरटेक करने पर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर खंती में पलट गई। बस में 24 यात्री सवार थे। घायल छह यात्रियों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यात्रियों ने ड्राइवर पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया है।
सोमवार को सुबह 9 बजे के करीब चित्रकूट से ओरन, बबेरू से होकर कानपुर जा रही रोडवेज बस महाविद्यालय के पास एक ट्रैक्टर को ओवरटेक करने पर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर खंती में पलट गई। हादसे से चीख पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस का शीशा तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में राजा (20) पुत्र रामप्रताप निवासी सिंहपुर, बिसंडा, रजनी देवी (29) पत्नी जयप्रकाश निवासी पहरिया सिंहपुर थाना बिसंडा, भूपराज (60) पुत्र भवानीदीन निवासी मझींवा सानी कमासिन, बुद्धराज (35) पुत्र शिरोमन निवासी ओरन, रामकुशल (16) पुत्र सभाजीत निवासी ओरन घायल हो गए। इन घायलों को एबुंलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया।
घटनास्थल पर एसडीएम रावेंद्र सिंह, सीओ राकेश सिंह, तहसीलदार अजय कटियार पहुंच गए। सीएचसी से भूपराज व राजा बाबू को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। सपा विधायक विशंभर सिंह यादव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
बस के कंडक्टर मुन्ना प्रसाद वर्मा व चालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस में लगे राड के टूटने से बस अनियंत्रित हो गई थी। सीओ राकेश सिंह ने बताया कि बस को क्रेन मंगाकर निकाला जा रहा है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
फोटो 21 बीएनडीपी 12-बबेरू के ओरन रोड पर खंती में पलटी पड़ी बस। खड़े यात्री। संवाद- फोटो : BANDA