बांदा। बारिश होने के बाद भी जिले में अवैध खनन थम नहीं रहा है। मानपुर खुर्द गांव में कृषि भूमि से लगभग 800 घनमीटर बालू खनन खनिज विभाग अधिकारी ने पकड़ा है। डीएम ने खनन और परिवहन प्रतिबंधित करने के आदेश दिए हैं। साथ ही आठ बालू भरे ट्रकों को पकड़ा। ईएमएम-11 प्रपत्र न दिखा पाने पर 3.05 लाख रुपये चालान शुल्क जमा कराया।
खान अधिकारी अर्जुन कुमार ने शुक्रवार को सुबह नरैनी तहसील के मानपुर खुर्द गांव में 1.050 हेक्टेयर भूमि में बालू खनन की जांच की। बताया कि यहां कोलावल रायपुर की सुनीता देवी के नाम पट्टा है। यहां 8 बालू भरे ट्रक मिले। प्रपत्र उपलब्ध न होने पर सभी का चालान कर उनसे तीन लाख पांच हजार रुपये राजस्व वसूला।
साथ ही खनन की जांच में 800 घनमीटर बालू का अवैध परिवहन मिला। खान अधिकारी की रिपोर्ट पर डीएम ने अनियमितताओं के मद्देनजर बालू खनन और परिवहन पर प्रतिबंध लगा दिया। राजस्व क्षति के रूप में 7 लाख 20 हजार रुपये जमा कराने के आदेश दिए। खनिज अधिकारी के मुताबिक पट्टाधारक द्वारा राजस्व जमा कर दिया गया।