बालूभरी बोरियां लादे ई-रिक्शा को सीज करते एआरटीओ शंकरजी सिंह।
- फोटो : BANDA
बांदा। एआरटीओ ने अभियान चलाकर करीब 50 ई-रिक्शों का चालान किया। इनमें कई ऐसे ई-रिक्शा थे जो बालू की बोरियां लादे थे। इन्हें सीज कर दिया। 1700 ई-रिक्शा पर करीब चार करोड़ टैक्स बकाया बताया गया है।
परिवहन विभाग में लगभग तीन हजार ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इनके अलावा लगभग डेढ़ हजार ई-रिक्शा बिना पंजीकरण के सड़कों पर चल रहे हैं। नतीजतन हर सड़क पर लोगों को जाम की नौबत से जूझना पड़ रहा है। गुरुवार को एआरटीओ शंकरजी सिंह ने परिवहन विभाग कर्मियों के साथ कालूकुआं चौराहा और मंडी समिति में चेकिंग अभियान चलाया। पंजीकृत और गैर पंजीकृत लगभग 49 ई-रिक्शा सीज कर पुलिस के सुपुर्द कर दिए।
लगभग 20 ई-रिक्शा में बालू भरी बोरियां मिलीं। उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा बस और 13 ओवरलोड ट्रक भी सीज किए हैं। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन पटल के लिपिक और फोर्स भी मौजूद रहा।
एआरटीओ ने बताया कि लगभग 1700 ई-रिक्शा पर करीब चार करोड़ टैक्स बकाया है। ई-रिक्शा स्वामियों को अदायगी के लिए नोटिस जारी किया गया है। 31 जनवरी तक की मोहलत दी गई है। इसके बाद टैक्स बकाएदारों के ई-रिक्शा सड़कों पर नहीं चलने दिए जाएंगे।