नरैनी। नीलामी अवधि पूरी होने के बाद भी ठेकेदार मिलीभगत कर पशु बाजार संचालित कर रहा है। अवैध कारोबार से जिला पंचायत को हर सप्ताह हजारों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। जानकारी होने पर रविवार को एसडीएम ने पुलिस भेजकर बाजार बंद करा दी।
तहसील क्षेत्र के लहुरेटा गांव में जिला पंचायत का ठेकेदार पिछले वित्तीय वर्ष में पशु बाजार का संचालन कर रहा था। इसका ठेका 31 मार्च को खत्म हो गया। जिला पंचायत की ओर से पशु बाजार की नई नीलामी नहीं कराने के बाद भी ठेकेदार पशु बाजार लगवा रहा है। इससे जिला पंचायत को हर सप्ताह हजारों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष मूलचंद सोनकर ने बताया कि क्षेत्र में जिला पंचायत की पशु बाजार लगने के कारण नगर पंचायत को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। पूर्व में पशु बाजार की लाखों रुपये में नीलामी की जाती थी। कुछ वर्षों से पड़ोसी गांवों में पशु बाजार लगने के कारण उनकी नीलामी नहीं हो पाती।
एडीएम नरैनी सत्यप्रकाश ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस को भेजकर पशु बाजार बंद करा दिया है। साथ ही अन्य कार्रवाई के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष को सूचना दी गई है।
पशु बाजार के लिए नहीं हुई है नीलामी
जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल का कहना है कि पशु बाजार के लिए अभी नीलामी नही कराईं गई है। यदि कही कोई जिला पंचायत के नाम से पशु बाजार लगा रहा है तो गैर कानूनी है। संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्यवाही के लिए निर्देशित करेंगे।