पैलानी। थाना क्षेत्र के खप्टिहा कलां गांव में बारिश के बाद एक मजदूर के कच्चे मकान की अटारी की दीवार गिर गई। खप्टिहा कलां निवासी राजकरण वर्मा मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।
राजकरण ने बताया कि 21 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे उसकी पत्नी राजकुमारी (35) और चार वर्षीय बेटा अंकित घर में सो रहे थे। इसी दौरान अटारी की दीवार गिर गई। दीवार की मिट्टी राजकुमारी के पैर पर गिरने से वह घायल हो गई। खतरा भांपकर राजकुमारी ने बेटे अंकित को उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
परिजन ने घायल राजकुमारी का स्थानीय चिकित्सक से उपचार कराया। दीवार गिरने से घर में रखा बक्सा और उसमें रखी रजाई, गद्दा, आटा, दाल समेत अन्य घरेलू सामान दबकर खराब हो गया। राजकरण के मुताबिक करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल अमित सिंह पटेल को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर शासन की गाइडलाइन के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। (संवाद)