पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करते डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के निर्देशों के मुताबिक पुलिस इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर के तबादलों और तैनातियों तथा इस माह पड़ने वाले त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखने के इंतजाम की डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी ने मंडल के चारों पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। शनिवार को देर शाम यहां अपने कैंप कार्यालय में पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक में डीआईजी ने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह तत्काल और निर्धारित तिथि तक पालन सुनिश्चित करें। आयोग द्वारा भेजे गए पत्र के मुताबिक इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टरों की सूची सोमवार तक हर हाल में तैयार कर लें। 7 सितंबर से पूर्व उन्हें स्थानांतरित कर दें। डीआईजी ने कहा कि त्योहारों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाए। अराजकतत्वों और सौहार्द बिगाड़ने वालों पर पहले से ही नजर रखें और कार्रवाई करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक आरपी पांडेय (बांदा), केशव चौधरी (चित्रकूट), अनिल कुमार (हमीरपुर) और गौरव सिंह (महोबा) शामिल रहे।