एसबीआई सिटी ब्रांच की एटीएम में लगी रही लंबी लाइन।
- फोटो : amarujala
रविवार को छुट्टी के चलते बैंकों में सन्नाटा रहा। अलबत्ता एटीएम पर सुबह से ही लाइनें लग गईं। लेकिन कुछ घंटे बाद ही इन पर भी सन्नाटा पसर गया। एटीएम की करेंसी खत्म हो गई। बैंकों ने दोबारा नहीं डाली।
पिछले रविवार को बैंक खोले गए थे। अबकी छुट्टी रही। बैंक कर्मी घरों में आराम करते रहे। लेकिन जरूरतमंद लोग पैसे निकालने के लिए सुबह से एटीएम की लाइन में आ खड़े हुए। शुरू लाइन में लगने वालों को करेंसी हाथ लगी। लेकिन पीछे वालों को मायूसी का सामना करना पड़ा। उनकी बारी आने से पहले एटीएम करेंसी से खाली हो गई। स्टेट बैंक की सिटी ब्रांच (जामा मस्जिद रोड) में बड़ी संख्या में लोग लाइन में थे। यहां कुछ उपभोक्ताओं को नई करेंसी का 2000 रुपये का नोट भी मिला। लेकिन करीब दो घंटे बाद ही यह खाली हो गई।
अमर टाकीज परिसर में स्थित एचडीएफसी एटीएम में भी लंबी लाइन थी। इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। यहां खाताधारकों को निर्धारित दो हजार रुपये 100-100 के नोटों की शक्ल में मिले। इसी परिसर में स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम बंद रहा। उधर, छावनी स्थित पंजाब नेशनल बैंक और यूनियन बैंक की एटीएम में ताले लटकते रहे। रामलीला ग्राउंड के सामने एसबीआई सिटी ब्रांच की एटीएम भी बंद रही। यहां सिर्फ जमा करने की एटीएम चालू थी। कचहरी स्थित मुख्य शाखा में दोपहर बाद ही एटीएम खाली हो गई। बैंक अधिकारियों ने कैश नहीं डाला। बड़ी संख्या में लोग खाली हाथ लौट गए।