फोटो -30- लंबी कूद में प्रतिभाग करती छात्रा। संवाद
अतर्रा। कस्बे के हिंदू इंटर कॉलेज परिसर स्थित खेल मैदान में सोमवार को 70वीं क्षेत्रीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता शुरू हुई। पहले दिन अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सरस्वती इंटर कॉलेज के मोनू ने स्वर्ण पदक जीता।
इसी वर्ग की बालिका 100 मीटर दौड़ में राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी की लक्ष्मी देवी प्रथम रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में पं. जेएन इंटर कॉलेज गिरवां के अफजल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी की रोशनी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पूर्व सरस्वती इंटर कॉलेज के तत्वावधान में तीन दिवसीय आयोजन का प्रधानाचार्य गोपाल कृष्ण पांडेय ने विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व क्रीड़ा प्रमुखों के साथ उद्घाटन किया। इस प्रतियोगिता में कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें सरस्वती इंटर कॉलेज अतर्रा, राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी, हिंदू इंटर कॉलेज अतर्रा, किसान इंटर कॉलेज नौहाई, तथागत ज्ञानस्थली इंटर कॉलेज अतर्रा और पं. जेएन इंटर कॉलेज गिरवां शामिल हैं।
पहले दिन विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं कराई गईं। इनमें 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक शामिल हैं। तीन दिवसीय आयोजन में खिलाड़ी आगे भी अपना दमखम दिखाएंगे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सतीश भार्गव और शिवाकांत ने किया। प्रबंधक रजनी आशीष पांडेय ने सहयोग करने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों को बधाई दी।