फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: एक्यूआई 223, हवा खराब...धुंध को न समझें कोहरा

विज्ञापन
फोटो-23-सुबह बस स्टैंड पर छाई धुंध और मौजूद यात्री। अमर उजाला
विज्ञापन
बांदा। शहर की हवा लगातार खराब हो रही है। शनिवार को सुबह आसमान में धुंध छाई रही। पहले लोगों को लगा कि कोहरा है, लेकिन सैर पर निकले लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हुई तो प्रदूषण का अहसास हुआ। सुबह करीब 205 रहा वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शाम को बढ़कर 223 पहुंच गया। इस स्तर पर हवा खराब श्रेणी में है। डॉक्टर बता रहे हैं कि धुंध को कोहरा न समझें, सावधानी जरूर बरतें।
विज्ञापन


प्रदूषण का असर सांस के रोगियों पर ज्यादा पड़ रहा है। जिला अस्पताल में शनिवार को सांस संबंधी दिक्कतों और अन्य शिकायतों के साथ 50 से अधिक मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने सुबह की सैर से बचने और जरूरी होने पर मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. हृदेश पटेल ने बताया कि धुंध और प्रदूषित हवा सांस के रोगियों के लिए खतरनाक है। अस्थमा और सांस संबंधी दूसरी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
विज्ञापन

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एसडी त्रिपाठी ने बताया कि प्रदूषण के कारण आंखों में जलन हो सकती है। ऐसी स्थिति में आंखों को ठंडे साफ पानी से धोएं। बाहर निकलते समय चश्मे का उपयोग करें। आंखों में लगातार जलन या दूसरी परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
-
निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी से उड़ रही धूल
शहर से लेकर देहात तक चल रहे निर्माण कार्य भी प्रदूषण बढ़ाने की वजह बन रहे हैं। सड़कों और भवनों के निर्माण में धूल नियंत्रित करने के मानकों की अनदेखी हो रही है। निर्माण स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। निर्माणाधीन भवनों को ढकने के लिए पर्दे (डस्ट कर्टन) भी नहीं लगाए गए हैं।
शहर में स्टेशन रोड से पीली कोठी के बीच दिनभर धूल उड़ती रहती है। रेलवे स्टेशन के निर्माणाधीन भवन में भी धूल नियंत्रण के इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। सरकारी निर्माण कार्यों में भी मानकों का पालन नहीं होने से आसपास के लोगों को धूल और प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण स्थलों पर पानी का छिड़काव और धूल रोकने के इंतजाम जरूरी हैं।
-
चिकित्सकों की सलाह : प्रदूषण से ऐसे करें बचाव
- सुबह और शाम प्रदूषण अधिक होने पर सैर और खुले में व्यायाम करने से बचें।
- जरूरी काम से बाहर निकलें तो अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें।
- अस्थमा और सांस के रोगी अपनी निर्धारित दवाएं नियमित लेते रहें।
- सांस फूलने, सीने में जकड़न या लगातार खांसी होने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
- आंखों में जलन होने पर साफ ठंडे पानी से धोएं। बाहर निकलते समय चश्मा लगाएं।
- घर के दरवाजे और खिड़कियां प्रदूषण अधिक होने के समय बंद रखें।
- बच्चों, बुजुर्गों और सांस के रोगियों को धूल-धुएं के संपर्क में आने से बचाएं।


-
एक्यूआई और हवा की स्थिति कैसी
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) से हवा में प्रदूषण के स्तर का पता चलता है। एक्यूआई जितना अधिक होगा, हवा उतनी ही प्रदूषित मानी जाएगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार इसकी श्रेणियां इस प्रकार हैं।
विज्ञापन

एक्यूआई स्तर
हवा की स्थिति
0 से 50
अच्छा
51 से 100
संतोषजनक
101 से 200
मध्यम
201 से 300
खराब
301 से 400
बेहद खराब
401 से 500
गंभीर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें