दो दिन पूर्व यहां मंडलीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए आदेशों पर अवैध खनन मामले में सभी खदानों वाले थाना/चौकियों के इंसपेक्टर व इंचार्जों को लाइन हाजिर किए जाने के बाद अब पुलिस अधीक्षक ने एंटी रोमियो को भी तेज कर दिया है।
मंगलवार को एंटी रोमियो टीम ने शहर के कई स्कूल-कालेजों के आसपास अभियान चलाकर चार मनचलों को पकड़ा। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि छात्राओं और महिलाओं से आदतन छींटाकशी या छेड़छाड़ करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है।
कृषि विश्वविद्यालय में रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान डीआईजी और पुलिस अधीक्षक से कहा था कि महिला उत्पीड़न बहुत ही संवेदनशील प्रकरण है। इसमें विशेष रूप से सतर्कता बरती जाए। इसी क्रम में यहां शहर में एंटी रोमियो अभियान को तेज किया गया है।
मंगलवार को सुबह कोतवाली पुलिस, एंटी रोमियो टीम, महिला थाना टीम और चौकियों में तैनात महिला और पुरुष कांस्टेबल ने शहर के जीजीआईसी, जेएन डिग्री कालेज, राजादेवी डिग्री कालेज, कालवनगंज आदि इलाकों में क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में मनचलों की पहचान और धरपकड़ अभियान चलाया।
कई महिला कांस्टेबलों को सादे कपड़ों में स्कूल-कालेजों के आसपास खड़ा किया गया। जीजीआईसी के पास मंडरा रहे चार लड़कों को टीम ने पकड़कर कोतवाली भेज दिया। और भी लड़कों से पूछताछ की गई।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि प्रत्येक थानों में एंटी रोमियो टीमों को प्रभावी और सक्रिय किया गया है। यह अभियान निरंतर चलेगा। क्षेत्राधिकारी अपने इलाके में इसका सुपरविजन करेंगे।
स्कूल-कालेज खुलने या बंद होते समय तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में छात्राओं और महिलाओं से छींटाकशी करने वालों को पकड़ा जाएगा। मॉर्निंग वॉक को निकली महिलाएं और बालिकाएं भी सुरक्षित रहेंगी। स्कूलों के माध्यम से छात्राओं को ऐसा फोन नंबर दिया जाएगा जिसमें छात्राएं अपनी समस्या खुलकर महिला पुलिस अधिकारी को बता पाएंगी।