क्षतिग्रस्त हुई बांदा डिपो की बस।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। इलाहाबाद के पशु व्यापारी की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। उधर, अलग-अलग घटनाओं में ट्रक की टक्कर से रोडवेज बस चालक समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घूरपुर (इलाहाबाद) थाना क्षेत्र के हथगन निवासी शैलेंद्र भारती (26) शनिवार को दोपहर महोबा से पशुओं की खरीददारी कर बाइक से लौट रहा था। केन नदी बाईपास पुल पर अचानक बाइक फिसलने से वह गिर पड़ा। सामने से आ रहे तेजरफ्तार ट्रक से कुचलकर उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। राहगीरों ने घटना की सूचना डायल-100 को दी। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से 3210 रुपये नगद समेत मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिसकर्मियों ने बरामद फोन से मृतक व्यापारी के परिजनों से बात कर शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि मृतक पशु व्यापारी था। दो दिनों पूर्व बाइक से महोबा में पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए निकला था। पंचनामा भरने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, तिंदवारी थाना क्षेत्र के सैमरी नाला के पास शनिवार को सुबह ट्रक और रोडवेज बस की भिड़ंत हो गई। मरका थाना क्षेत्र के गोदा गांव निवासी बस चालक शमशेर यादव (35) पुत्र सूयभान यादव समेत यात्री राम सिंह (27) पुत्र रामऔतार निवासी तेरही माफी (तिंदवारी) और फतेहपुर निवासी श्याम किशोर (40) पुत्र राजकरन घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। एक अन्य घटना में चित्रकूट जिले के सगवारा गांव निवासी मुन्नीलाल (60) पुत्र जगदेव प्रसाद शुक्रवार को शाम मुकदमे की पैरवी कर पैदल रोडवेज बस स्टैंड जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहर के बंगालीपुरा के पास लोडर की टक्कर से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एक अन्य घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के झील का पुरवा निवासी राजेश (18) पुत्र महेश्वरा शनिवार को सुबह छत से गिरकर जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।