बांदा। कार को साइड देने में सवारियों से भरा ई रिक्शा मिट्टी के ढेर पर चढ़कर पलट गया। हादसे में ई रिक्शा सवार वृद्धा गंभीर घायल हो गईं। उनकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में गुरुवार को दोपहर मौत हो गई। परिजन शव घर ले गए।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के नंदना गांव निवासी केशरिया (62) देहात कोतवाली क्षेत्र के जमालपुर गांव में शैलेंद्र कुशवाहा की बहन की शादी में खाना बनाने गईं थीं। बुधवार को दोपहर केशरिया ई रिक्शा से अपने गांव जा रही थीं। ई रिक्शा में चालक समेत छह लोग सवार थे। देहात कोतवाली के पास पीछे से आई कार को साइड देने में ई रिक्शा सड़क किनारे लगे मिट्टी के ढेर में चढ़कर पलट गया। इससे केशरिया व अन्य सवारियां नीचे दब गईं। घायल केशरिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में गुरुवार को दोपहर इलाज के दौरान केशरिया ने दम तोड़ दिया। परिजन उनका शव घर ले गए। वह वृद्धावस्था के चलते पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। उन्होंने पुलिस को भी सूचना नहीं दी।