बांदा। प्री बोर्ड की परीक्षा देकर घर लौटी इंटर की छात्रा ने गुरुवार की शाम साड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। खेत से घर लौटी मां ने बेटी का शव फंदे पर लटकता देखा तो शोर मचाया। परिजन खुदकुशी का कारण नहीं बता सके।
गिरवां क्षेत्र में स्थित शैल कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा प्रीति देवी (15) पुत्री संतराम गुरुवार को इंटर कॉलेज प्री बोर्ड परीक्षा देने के लिए गई थी। वहां से घर लौटी और मां रामप्यारी के साथ खाना खाया। इसके बाद मां खेत चली गई और पिता बकरी लेकर चले गए। घर में मौजूद प्रीति के भाई बहन बाहर खेल रहे थे। सूने घर में छात्रा ने कच्चे मकान की बल्ली में साड़ी फंसाई और फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। देर शाम खेत से घर लौटी मां ने बेटी का शव फंदे पर लटकते देखा तो शोर मचाकर परिजनों को जानकारी दी।
मौके पर पहुंची गिरवां थाना पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। पिता संतराम ने बताया कि घर में किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी। बेटी ने खुदकुशी क्यों की, उसे मालूम नहीं है। प्रीती चार बेटियों और एक बेटे में सबसे बड़ी थी। थाना प्रभारी गिरवां राधाकृष्ण तिवारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। जांच की जा रही है।