बांदा। संगीत और गायन क्षेत्र में एक दशक से भी
ज्यादा समय से लगातार सुर्खियां और तमगे बटोर रही साधारण किसान की बेटी
कुमारी अमृता सिंह ने सफलता का एक और पायदान पाया है।
युवा कल्याण
विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा दो दिन पूर्व लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय युवा
उत्सव-2015-16 में अमृता ने चित्रकूटधाम मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए
अव्वल स्थान हासिल किया है।
युवा उत्सव में पूरे प्रदेश के 18
मंडलों से आए संगीत और गायन क्षेत्र में सक्रिय टीमें शामिल हुई। कुल 13
विधाओं की प्रतियोगिताएं हुईं। बबेरू (बांदा) जनपद की कु. अमृता सिंह ने
वीणा वादन में चित्रकूटधाम मंडल को पहला स्थान दिलाया।
अब वह 12 से 16 जनवरी तक रायपुर में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में वीणा वादन में यूपी का प्रतिनिधित्व करेगी।
इसमें
प्रदेश की कुल 9 टीमें शामिल होंगी। अमृता 10 जनवरी को रायपुर जाएगी।
गौरतलब है कि अमृता को बड़ी संख्या में पुरस्कार और मेडल आदि मिल चुके हैं।