बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के तारा गांव निवासी रज्जी (50) शनिवार को सुबह छह बजे अपने घर के बाहर सड़क किनारे गोबर डाल रही थी। तभी सामने से आई 102 एंबुलेंस ने उसे टक्कर मार दी। हादसा होते देख परिजनों ने एंबुलेंस चालक को पकड़ लिया।
परिजन रज्जी को लेकर उसी एंबुलेंस से तिंदवारी पीएचसी पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुत्र अमित ने बताया कि वह तीन भाई हैं। दो भाई जगदेव व रामसुफल सूरत में रहकर मजदूरी करते हैं।
पिता गांव में रहकर खेती किसानी करते हैं। पांच बीघा जमीन है। चिल्ला थानाध्यक्ष संदीप पटेल ने बताया कि एंबुलेंस से हादसा हुआ है। चालक उसे लेकर तिंदवारी पीएचसी गए थे। वहां महिला ने दम तोड़ दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। संवाद