केन नदी में अवैध रूप से मछली शिकार कर निषाद समाज के लोगों को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए बुंदेलखंड इंसाफ सेना ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एएस नोमानी निषाद समाज के मछली शिकारियों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम चटगन से ग्राम पथरी तक और आसपास के गांवों के निषाद समाज के लोग वर्षों से केन नदी में मछली शिकार कर अपने परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की शिक्षा-दीक्षा करते आ रहे हैं। यह उनका परंपरागत और एकमात्र जीविकोपार्जन का साधन है लेकिन आरोप है कि कस्बा मौदहा (जनपद हमीरपुर) निवासी एक व्यक्ति ने मत्स्य विभाग के कुछ अधिकारियों-कर्मचारियों से सांठ-गांठ कर जनपद उन्नाव के रहने वाले एक व्यक्ति और उसके 20-25 लोगों के गिरोह को अवैध रूप से केन नदी में मछली शिकार की छूट दे रखी है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एएस नोमानी ने आरोप लगाया कि ये लोग बिना किसी वैध पट्टे के फर्जी रसीदें दिखाकर स्थानीय पुलिस को गुमराह करते हैं और पूरे क्षेत्र में अवैध शिकार कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इनके पास अवैध असलहे भी रहते हैं, जिनके बल पर वे निषाद समाज के स्थानीय मछुआरों को नदी में शिकार नहीं करने देते और भय का माहौल बना रखा है। इस मौके पर कमलेश निषाद, राजकुमार, प्रमोद,सुखवीर, राधे व मोहन सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।