नरैनी। तहसील क्षेत्र के गांव शाहबाजपुर अंश बरकोला कलां के राशन कार्डधारकों ने कोटेदार पर राशन वितरण में धांधली और विरोध करने पर धमकाने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को कार्डधारकों ने तहसील में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कोटेदार ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देता है। राशन मांगने पर राशन कार्ड कटवाने की धमकी देता है। आरोप है कि कोटेदार घर-घर जाकर मशीन पर अंगूठा लगवाता है और तराजू में लकड़ी व मिट्टी रखकर घटतौली करता है। कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन में रामप्रसाद, गुड़िया, रेखा, राजाबेटी, बच्ची, चंद्रकली, शीलू, गुलाब, सुमन और शकुंतला सहित अन्य कार्डधारक शामिल रहे। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई और नियमित राशन वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की। एसडीएम नरैनी अंजलि यादव ने बताया कि जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)