बांदा। ठंड और कोहरे ने दस्तक दे दी है। ऐसे में परिवहन निगम ने 80 फीसदी बसों में ऑलवेदर बल्व व नए वाइपर लगाए हैं। बसों में रिफ्लेक्टिव टेप भी लगाया जा रहा है। ताकि दुघर्टनाओं को रोका जा सके।
बांदा डिपो की सड़क पर 101 बसें संचालित है। इनमें पांच बसें दुर्घटनाओं के चलते मरम्मत के लिए वर्कशाप में खड़ी हैं। मौजूदा समय में 96 बस मार्ग पर चल रही है। इधर, विभाग ने कोहरे से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि 81 बसों में ऑल वेदर बल्व लगा दिया गया है। यह बल्व कोहरे को चीरते हुए चालक को राह दिखाएंगा। इसके अलावा बसों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाया गया है। टेप के लगने से सामने व पीछे से आने वाले वाहनों को बस का पता चल सकेगा। जिन बसों के वाइपर खराब थे, वे भी बदल दिए गए हैं। शीशे में जमी ओस साफ करने के लिए वाइपर लगाए जा रहे हैं। परिचालकों को जिम्मेदारी दी गई है कि सभी बसों में इन दिक्कतों को दूर करा लिया जाए। जिस बसों की खिड़की में शीशे न हो, उन्हें मार्ग पर कतई न ले जाए।
एआरएम लक्ष्मण सिंह ने कहा कि बसों को चालक की मौजूदगी में चेक करने के बाद ही मार्ग पर भेजा जा रहा है। बस में खामियां मिलने पर तत्काल उसे दुरूस्त कराया जाता है। लंबी दूरी की बसों को चालकों को कहा गया है कि कोहरे जैसी स्थिति होने पर बसों की स्पीड को कम कर दें।
आरएम संदीप अग्रवाल ने कहा कि अधिक ठंड होने पर जरूरत पड़ी तो लंबी दूरी की सुबह व रात में चलने वाली बसों में हीटर व ब्लोवर भी लगाया जाएगा। ताकि चालक व यात्रियों को दिक्कत न हों। एआरएम से कहा गया है कि बसों के ठहराव स्थलों पर अलाव की भी व्यवस्था की जाए।
बबेरू के ऐतिहासिक सिमौनीधाम में 15 दिसंबर से लगने वाले मेला व भंडारा के लिए परिवहन निगम ने 25 मेला स्पेशल बसें लगाई हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 15 से 17 दिसंबर तक बांदा-सिमौनीधाम-बबेरू तीन, बांदा-सिमौनीधाम-बबेरू-कानपुर नौ, बांदा-सिमौनीधाम-कर्वी नौ, बांदा-सिमौनीधाम-फतेहपुर दो, बांदा-सिमौनीधाम-हमीरपुर एक बस का संचालन किया जाएगा।