बांदा। दो दिन पूर्व चिल्ला क्षेत्र के पलरा सब स्टेशन के बाद टूटी पड़ी 11 हजार वोल्ट की एचटी लाइन के करंट से किसान नेता की मौत पर बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने सब स्टेशन का दो घंटे घेराव किया। उधर, पोस्टमार्टम के बाद किसान के शव का उसी के नलकूप के नजदीक दाह संस्कार किया गया। कई गांवों के किसान मौजूद रहे।
किसान रमापति सिंह की मौत से नाराज किसान यूनियन ने पलरा सब स्टेशन में सुबह से ही धरना देकर घेराव किया। पलरा, दोहतरा, पिपरहरी, नरी, तारा, बरेठीकलां, गुगौली, डिघवट, सहूरपुर, बिछवाही आदि गांवों के तमाम किसान शामिल रहे। इन सभी ने मृतक किसान को श्रद्धांजलि भी दी। घेराव के दौरान प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में पैलानी तहसीलदार मौके पर आए और किसान नेताओं ने उनका छह सूत्री ज्ञापन लिया। उन्होंने किसान बीमा दुर्घटना में पांच लाख की आर्थिक सहायता 16 नवंबर को देेने का आश्वासन दिया।
किसान नेताओं ने मृतक किसान के परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी और दोषी बिजली अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। प्रदेश सचिव मनरूप सिंह परिहार सहित धर्मराज सिंह, बैजनाथ अवस्थी, चंद्रिका प्रसाद त्रिवेदी, रामस्वरूप निषाद, डॉ.आरपी सिंह, जगन्नाथ सिंह, इंदल सिंह, रामकरन सिंह, प्रमोद तिवारी आदि शामिल रहे।