बांदा। दीक्षांत समारोह के लिए कृषि विश्वविद्यालय
में भव्य तैयारियां की गई हैं। समारोह की अध्यक्षता करने आ रहे राज्यपाल के
आगमन का कार्यक्रम भी शुक्रवार को प्राप्त हो गया।
पूरे
विश्वविद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से संवारा और सजाया गया है। पूर्व
संध्या पर डीएम और एसपी ने विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। कुलपति से
कार्यक्रम और तैयारियों की जानकारियां लीं। राज्यपाल की फ्लीट के लिए
रिहर्सल भी हुआ।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिसर मेें केवल आमंत्रित लोग ही दाखिल हो पाएंगे। महामहिम की सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।
विश्वविद्यालय
के प्रथम तल पर स्थित सभागार में समारोह होगा। यहां लगभग 290 चुनिंदा
लोगों के बैठने की व्यवस्था है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति व राज्यपाल राम
नाईक सरकारी हेलीकाप्टर से सुबह 11:20 बजे आएंगे।
विश्वविद्यालय
परिसर में ही बनाए गए हेलीपैड में हेलीकाप्टर उतरेगा। दीक्षांत समारोह में
वे करीब साढ़े तीन घंटा रहेंगे। इसमें लंच भी शामिल है।
राज्यपाल
का हेलीकाप्टर 2 बजकर 55 मिनट पर वापस लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा। समारोह में
वर्ष 2011-2015 के 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को राज्यपाल मेडल और प्रशस्ति
पत्र देकर सम्मानित करेंगे।
लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बनाए
गए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन भी करेंगे। शुक्रवार को डीएम सुरेश कुमार और
एसपी आरपी पांडेय ने तैयारियों जायजा लिया।
प्रथम दीक्षांत समारोह
के बाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई
दिल्ली से संबद्ध हो जाएगा। परिषद से जुड़ने के बाद विश्वविद्यालय को
केंद्रीय बजट भी जारी होने लगेगा।
विश्वविद्यालय के निदेशक
(प्रसार) एनके वाजपेयी ने बताया कि विश्वविद्यालय को देश के जाने-माने 16
कृषि संस्थानों से शोध की मान्यता मिल चुकी है। इससे बुंदेलखंड की 64 फसलों
का अनुसंधान विश्वविद्यालय में होगा।