बबेरू/ओरन। कृषि विषय से बीएससी कर रहे अंतिम वर्ष के छात्र ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फौरीतौर पर वजह पता नहीं चल पाई। छात्र के किसान पिता समेत अन्य परिजन घटना को लेकर आशंका भी व्यक्त कर रहे हैं।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भदेहदू गांव का आशुतोष पटेल उर्फ नेपाल (23) बांदा कृषि महाविद्यालय में बीएससी अंतिम वर्ष का छात्र था। मकर संक्रांति पर्व पर वह महाविद्यालय से गांव आया हुआ था। बृहस्पतिवार (21 जनवरी) की देर शाम आशुतोष ने घर के बरामदे में खपरैल पर रस्सी बांधी और गर्दन पर फंदा कसकर फांसी पर झूल गया। घर के अन्य लोग खेत में थे। वापस लौटने पर घर के दरवाजे बंद मिले। पड़ोसी की दीवार फांदकर घर के लोग अंदर दाखिल हुए तो आशुतोष का शव फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता बसंत लाल ने बताया कि आशुतोष पढ़ाई में काफी होशियार था। उसकी पढ़ाई जारी रखने के लिए वह किसी तरह पैसा जुटाकर उसे पढ़ा रहा था। हाल ही में मिली किसान सम्मान निधि का पैसा भी उसकी पढ़ाई में लगा दिया। पिता का कहना है कि उस पर आर्यावर्त बैंक का ढाई लाख रुपये का कर्ज भी है। आशुतोष दो भाई व दो बहनों में बड़ा था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।