बुंदेलखंड में लघु और सीमांत किसानों का मानक दायरा बढ़ाने की मुख्य मांग लेकर 23 दिन से मंडल मुख्यालय में धरने पर डटे बुंदेलखंड किसान यूनियन नेताओं का आंदोलन रंग लाने लगा है। गुरुवार को आंदोलनकारी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिलकर ज्ञापन दिया। आंदोलनकारियों की मुलाकात भाजपा नेता अजित गुप्ता ने कराई।
कलक्ट्रेट परिसर के पास बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल कुमार शर्मा की नेतृत्व में बेमियादी धरना चल रहा है। पर अब तक प्रदेश सरकार ने सुध नहीं ली। गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधि मंडल उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से लखनऊ स्थित उनके कार्यालय में मिला।
किसानों के साथ भाजपा नेता अजित गुप्ता भी थे। उप मुख्यमंत्री ने किसान नेताओं से बातचीत की और मांगों को जायज बताया। कहा कि मुख्यमंत्री और कैबिनेट में किसानों के यह मुद्दे विचाराधीन हैं। जल्द ही दायरा बढ़ने की उम्मीद है। प्रतिनिधिमंडल में यूनियन उपाध्यक्ष श्रवण कुमार, प्रवक्ता अनिल मिश्रा, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष किरन पाठक सहित अरुण गौतम, शैलेंद्र मिश्रा, प्रेम, चतुर्भुज पटेल आदि शामिल रहे।
उधर, 23वें दिन यहां धरने में राजाबाबू, राममिलन पांडेय, पूर्व प्रधान परशुराम, बलवीर सिंह, दीनदयाल, कैलाशचंद्र, पुत्तीलाल, प्रताप शर्मा, मंगी राजपूत, राम प्रसाद, सुखलाल, हरिशरन, लक्ष्मी प्रसाद आदि शामिल रहे। गांवों में भी किसान नेताओं की टीम ने भ्रमण किया। सूखा घोषित कर राहत कार्य शुरू कराने की मांग की।