महिला की हत्याकर शव को बोरे में भरकर फेकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा मोहल्ले में करिया नाला से सोमवार की सुबह बोरे के अंदर से सड़ा गला शव बरामद किया गया। शव की दशा इतनी खराब थी कि उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्चरी में शिनाख्त के लिए रखवाया है।
क्योटरा मोहल्ला स्थित करिया नाला के पास राहगीर गुजरे तो उन्हें बदबू का अहसास हुआ। शंका के आधार पर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सिविल लाइन्स चौकी प्रभारी आरए त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और बोरा खुलवाकर तो सभी सकते में आ गए।
बोरे में महिला का सड़ा गला शव मिला। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था कि उम्र और चेहरे का अंदाजा लगाना भी मुश्किल था। शव में मिट्टी लगी होने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या कर शव को पहले कहीं गाड़ा गया होगा। इसके बाद उसे बोरे में भरकर ठिकाने लगाया गया।
पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या कई दिन पूर्व की गई होगी। पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के जिस्म में लाल रंग का पेटीकोट और नीला स्वेटर पाया गया है। उम्र, विवाहित व अविवाहित होने के कोई संकेत नहीं मिले। हाल फिलहाल लापता महिलाओं और युवतियों के परिजनों से शिनाख्त करवाने का प्रयास किया जाएगा।