बांदा। वरिष्ठ जेल अधीक्षक के बाद अब भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी दी गई है। उनकी शिकायत पर एसपी अंकुर अग्रवाल ने मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद सर्विलांस टीम ने जांच शुरू कर दी है। माफिया अतीक और मुख्तार के नाम पर उन्हें धमकाया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी अधिवक्ता व भाजपा बुंदेलखंड क्षेत्र में विधि प्रकोष्ठ के संयोजक मुदित शर्मा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की सुबह उनके फोन पर व्हाट्सएप पर कॉल आई। फोन करने वाले ने नाम और पता पूछा। इसके बाद उसी नंबर से दूसरा फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि तुम्हारा नाम हिंदू आतंकवादी संगठन के सदस्य के रूप में निकला है।
अतीक भाई जान की हत्या में तुम्हारे शहर के पंडितों के हाथ हैं। मुख्तार भाईजान की हत्या में भी पंडितों का हाथ है। हम सभी को बता रहे हैं। हमारे निशाने पर तुम सभी लोग हो। तेरे घर की लोकेशन हमारे पास है। इसके बाद मुदित ने पुलिस अधिकारियों से लेकर मुख्यमंत्री तक मामले की शिकायत की। एसपी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। फोन करने वाले को जल्द पकड़ा जाएगा।