बांदा। डिलीवरी के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। उसे गंभीर हालत में कानपुर ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। मृतका के चाचा के आरोप पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कमासिन थाना क्षेत्र के खटान गांव निवासी ज्योति देवी (23) पत्नी विनोद कुमार को मंगलवार की रात प्रसव पीड़ा के चलते कमासिन पीएचसी में भर्ती कराया। यहां ज्योति ने बच्चे को जन्म दिया। भोर में ज्योति की हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसकी हालत देखने के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया।
कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर आ गए। सूचना पाकर मायके पथेड़ा प्रयाग राज से आए चाचा शिवकांत ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने उसकी भतीजी का इलाज नहीं कराया। खाना भी नहीं देते थे। इसी के चलते ज्योति की मौत हो गई। शिवकांत की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर, मृतका के ताऊ ससुर बसंत लाल का कहना है कि उसकी शादी 14 माह पहले हुई थी। डिलीवरी के दौरान अधिक रक्त स्राव होने से उसकी मौत हो गई। (संवाद)