तिंदवारी। प्रवासी मजदूर ने बृहस्पतिवार की शाम घर पर साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि शराब के नशे में किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। युवक राजस्थान में ईंट-भट्ठे में मजदूरी करता था। लॉकडाउन में सपरिवार घर लौट आया था।
चिल्ला थाना क्षेत्र के महेदू गांव निवासी केशन वर्मा का पुत्र प्रवासी मजदूर शोभा उर्फ मैकुवा (24) ने बृहस्पतिवार की शाम कमरे में सीलिंग फैन पर साड़ी बांधकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर तक कमरे से बाहर न आने पर घरवालों को कुछ आशंका हुई। कमरे के दरवाजे अंदर से बंद थे।
पत्नी कुसुमा ने दरवाजे की सांस से झांका तो मैकुवा का शव फंदे पर लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल दरवाजा खोलकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक घटना के वक्त शराब के नशे में था। पत्नी कुसुमा ने आर्थिक संकट बताते हुए पति मैकुवा के शराब पीने का विरोध किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इससे क्षुब्ध होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। मैकुवा परिवार सहित राजस्थान में ईंट-भट्ठा में मजदूरी करता था।
कोरोना की दूसरी लहर में लॉकडाउन लगने पर वह सपरिवार वापस घर आ गया था। चिल्ला प्रभारी निरीक्षक वीर प्रताप सिंह के हवाले से क्षेत्राधिकारी सदर सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद होने पर फांसी लगाकर जान दी है।