अतर्रा। शपथ ग्रहण हुए बगैर तहसील अधिवक्ता संघ का पैसा कुछ अधिवक्ताओं को बांटने पर लगभग दो दर्जन अधिवक्ताओं ने सामूहिक हस्ताक्षरों से एल्डर्स कमेटी अध्यक्ष और बार काउंसिल अध्यक्ष उत्तर प्रदेश से शिकायत की है। दूसरी तरफ संघ अध्यक्ष ने कहा है कि लॉकडाउन में परेशान कुछ गरीब अधिवक्ताओं की मदद की गई है।
राज्य विधिक परिषद, उत्तर प्रदेश, इलाहाबाद अध्यक्ष/सचिव को भेजे शिकायती पत्र में अधिवक्ताओं ने कहा है कि संघ का वार्षिक चुनाव 18 मार्च को हुआ था। लॉकडाउन हो जाने से अब तक शपथ ग्रहण नहीं हो पाया, लेकिन निवर्तमान अध्यक्ष और सचिव ने बिना आम सभा में प्रस्ताव के संघ के खाते से पैसा निकालकर मनमानी तरीके से अपने कुछ खास चहेते अधिवक्ताओं को अपने घर बुलाकर रुपये बांटे, जबकि अन्य अधिवक्ताओं को कोई आर्थिक मदद नहीं दी गई।
आरोप लगाया कि संघ के पैसे को बर्बाद किया जा रहा है। इसकी शिकायत की अनदेखी की जा रही है। शिकायत करने वाले अधिवक्ताओं में जितेंद्र कुमार तिवारी, लवकुश मिश्रा, हरिशंकर तिवारी, कृष्ण कुमार, अर्जुन प्रकाश गुप्ता, दिनेश, भोला प्रसाद द्विवेदी, महेंद्र गुप्ता, अवनीश तिवारी, राजकुमार पाठक आदि शािमल है।
उधर, निवर्तमान अध्यक्ष अमर सिंह राठौर का कहना है कि लॉकडाउन में परेशान गरीब 50 अधिवक्ताओं को 90 हजार रुपये की मदद दी गई है। इसके अलावा अन्य लोगों के सहयोग से जरूरतमंद अधिवक्ताओं को 25 किलो गेहूं उपलब्ध कराया गया। अध्यक्ष ने कहा कि आरोप निराधार हैं।